CJP Protest : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने देश पहुंचते ही अपनी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने एक बार फिर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पांच छात्रों ने आत्महत्या की है. दीपके ने कहा कि छात्रों से जुड़े मामलों में गंभीर कदम उठाए जाने चाहिए.
जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन को लेकर उन्होंने पहले भी देशभर के छात्रों, युवाओं और समर्थकों से इसमें शामिल होने की अपील की थी. भारत पहुंचने के बाद भी उन्होंने अपनी मांग दोहराई और कहा कि शिक्षा मंत्री को पद छोड़ना चाहिए तथा छात्रों के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा प्रदर्शन
बता दें कि दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इस बीच, सीजेपी ने शनिवार को जानकारी दी कि उसे जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है. यह प्रदर्शन युवाओं के नेतृत्व में चलाए जा रहे एक ऑनलाइन अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है.
शांतिपूर्ण और संवैधानिक आंदोलन बताया
वहीं, सीजेपी का कहना है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET) और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय की जानी चाहिए.
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को दिल्ली पहुंचे. दीपके और राजधानी में मौजूद उनके समर्थकों को दिल्ली पुलिस की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई है. वह इस आंदोलन में शामिल होने के लिए अमेरिका से लौटे हैं. दीपके ने इसे शांतिपूर्ण और संवैधानिक आंदोलन बताया.
पुलिस अधिकारियों ने दीपके से मुलाकात की
सीजेपी ने एक बयान में कहा कि हवाई अड्डे पर पुलिस अधिकारियों ने दीपके से मुलाकात की. संगठन ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से संसद मार्ग थाने के बजाय सीधे जंतर-मंतर पहुंचने का आग्रह किया है.
वहीं, कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी इस प्रदर्शन का समर्थन किया है, उन्होंने कहा कि यदि दीपके को गिरफ्तार किया जाता है तो वह छह सप्ताह तक अनशन करेंगे.
ये भी पढ़ें- लोनधारकों के लिए बड़ी खबर, RBI ने Repo Rate में नहीं किया कोई बदलाव, महंगाई बढ़ने की जताई आशंका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









