Jauhar University : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के मुद्दे पर पार्टी 23 जुलाई को अपना प्रतिनिधिमंडल रामपुर भेज रही है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी के नेता रामपुर पहुंचेंगे. इससे पहले सपा नेता आजम खान, उनकी पत्नी डॉ. ताजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम ने जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट से इस्तीफा दे दिया है.
आजम खान, डॉ. ताजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम अब जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट में किसी भी पद पर नहीं हैं. जानकारी के मुताबिक, तीनों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, आजम खान और उनके परिवार की ओर से इस पर कोई बयान नहीं दिया गया है.
ट्रस्ट में बने नए पदाधिकारी
मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के नए पदाधिकारियों में निकहत अफलाक को अध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा मुश्ताक अहमद सिद्दीकी उपाध्यक्ष, मोहम्मद अदीब आजम सचिव, नसीर अहमद खान संयुक्त सचिव और जावेद उर रहमान खान कोषाध्यक्ष हैं.
रामपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं जिला अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने 15 जुलाई को जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश दिया था. इसके खिलाफ ट्रस्ट की अध्यक्ष निकहत अफलाक ने आयुक्त मुरादाबाद के न्यायालय में अपील दायर की है. इस मामले में 28 जुलाई को सुनवाई होनी है.
रामपुर पहुंचेगा सपा का प्रतिनिधिमंडल
जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों को ध्वस्तीकरण से बचाने के लिए समाजवादी पार्टी 23 जुलाई को अपना प्रतिनिधिमंडल रामपुर भेज रही है. नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल रामपुर के जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा और उन्हें ज्ञापन सौंपेगा.
इन घटनाक्रमों के बीच यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर आजम खान, उनकी पत्नी और बेटे ने जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट से इस्तीफा क्यों दिया. हालांकि, ट्रस्ट से अलग होने के बाद भी डॉ. ताजीन फातिमा यूनिवर्सिटी के कामकाज पर नजर बनाए हुए हैं. मंगलवार को वह यूनिवर्सिटी पहुंचीं और गेट पर धरना दे रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात भी की.
अब बड़ा सवाल यह है कि आजम खान के ट्रस्ट से अलग होने और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के रामपुर पहुंचने के बाद क्या जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को ध्वस्त होने से बचाया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें- ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ा, हमलों में 100 अमेरिकी सैनिक घायल, कई देशों में बढ़ी चिंता, अमेरिका ने किए 9 शहरों पर हमले
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








