UP News : अयोध्या की सरयू नदी में नाव पर मटन और बीयर पार्टी करने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करने के आरोप लगाए जा रहे हैं.
मामले में कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.
गुप्तार घाट का बताया जा रहा है वीडियो
वायरल वीडियो अयोध्या के गुप्तार घाट का बताया जा रहा है. यह घाट सरयू नदी के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं.
वीडियो में कुछ युवक नाव पर बैठकर मटन खाते और बीयर पीते हुए दिखाई दे रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि सभी युवक निषाद समुदाय से हैं और गुप्तार घाट क्षेत्र के रहने वाले हैं.
वीडियो बनाने वाला युवक अपने साथ मौजूद लोगों का परिचय देते हुए कहता है कि काफी समय बाद मटन पार्टी का आयोजन हुआ है. वह अपने साथ मौजूद साथियों के नाम भी बताता है और कहता है कि उन्होंने “बकरे की पार्टी” की है. वीडियो में एक युवक अपने एक अन्य मित्र की गैरमौजूदगी का भी जिक्र करता है और उससे जल्द मुलाकात होने की बात कहता है.
श्रद्धालुओं में नाराजगी
पवित्र सरयू नदी के बीच नाव पर मटन और बीयर पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है. इसे धार्मिक भावनाओं और आस्था से जुड़ा मामला बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








