Monsoon Alert : मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला जारी है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने कई पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक फ्लैश फ्लड की स्थिति बन गई। तेज बारिश के कारण धारहाल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे न्यू बस स्टैंड बेला इलाके में पानी भर गया। बाढ़ के तेज बहाव में बड़ी संख्या में वाहन बह गए और कई क्षेत्रों में नुकसान की खबर सामने आई है।
बादल फटने से घरों-कृषि क्षेत्रों को नुकसान
वहीं, पुंछ जिले में भी भारी बारिश ने तबाही मचाई है। लगातार बारिश के बाद हुए हादसों में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 5 से 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा किश्तवाड़ जिले के डच्छन क्षेत्र के सुर्नू इलाके में बादल फटने से घरों और कृषि क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा है।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में बादल फटने और अचानक बाढ़ की घटनाएं पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ज्यादा देखने को मिलती हैं। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाएं जब ऊंचे पहाड़ों से टकराती हैं तो तेजी से ऊपर उठती हैं। ऊंचाई पर तापमान कम होने के कारण बादलों में नमी जमा होती जाती है और कई बार कम क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हो जाती है।
इन इलाकों में घटनाओं का खतरा अधिक
जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़, रामबन, पुंछ, राजौरी और कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में ऐसी घटनाओं का खतरा अधिक रहता है, क्योंकि यहां संकरी घाटियां और ऊंची पर्वत श्रृंखलाएं बारिश के पानी और बादलों को एक सीमित क्षेत्र में केंद्रित कर देती हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन
देश के अन्य राज्यों में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है। कैलाश-मानसरोवर यात्रा के यात्रियों को भी रास्ते में रोकना पड़ा है क्योंकि कई स्थानों पर भूस्खलन से मार्ग बंद हो गए हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी बाढ़ और भूस्खलन से कई जिले प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश के कारण कई गांवों में परेशानी बढ़ गई है और राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
मौसम विभाग ने भारी बारिश की जताई संभावना
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, सिक्किम और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें- पंजाब में बड़ा चुनावी अपडेट! 16 दिन पहले ही पूरा हुआ 100% डिजिटलीकरण, CEO ने की जमकर सराहना
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








