Parliament Monsoon Session 2026 : संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया है. रविवार को केंद्र सरकार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट कर दिया. विपक्ष ने टीएमसी और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के बागी सांसदों को बैठक में बुलाए जाने पर कड़ा विरोध जताया.
रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वदलीय बैठक मॉनसून सत्र के वैधानिक एजेंडे और सदन की कार्यवाही को लेकर चर्चा के लिए बुलाई गई थी. लेकिन विपक्षी दलों ने बागी सांसदों की मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया.
कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष के फैसले के विरोध में सर्वदलीय बैठक से बहिर्गमन करने का फैसला लिया है. उनका कहना है कि टीएमसी और शिवसेना (उबाठा) के बागी सांसदों को बैठक में शामिल करना उचित नहीं है.
वहीं, सीपीएम नेता जॉन ब्रिटास ने कहा कि बागी तृणमूल सांसदों को सर्वदलीय बैठक में बुलाकर न्याय का उपहास किया गया है, उन्होंने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया.
लोकसभा अध्यक्ष ने दी थी मंजूरी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को शिवसेना (UBT) के छह बागी सांसदों के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय को मंजूरी दी थी. इसके अलावा, तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों को ‘नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया’ (NCPI) में शामिल होने के बाद लोकसभा में अलग बैठने की व्यवस्था को भी स्वीकृति दी गई है.
शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि पार्टी से बगावत करने वाले सभी सांसदों को अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए, उन्होंने बागी सांसदों को किसी भी संसदीय बैठक में शामिल किए जाने पर भी आपत्ति जताई.
कब से शुरू होगा मॉनसून सत्र?
संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने वाला है और इसके 13 अगस्त तक चलने की संभावना है. हर सत्र से पहले आयोजित होने वाली सर्वदलीय बैठक में सरकार अपने विधायी कार्यक्रम की जानकारी देती है और सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील करती है.
ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









