राष्ट्रीय

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर राहुल गांधी और खरगे ने PM मोदी को लिखा पत्र, की जांच की मांग

UP News : अयोध्या राम मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त पत्र लिखा है. पत्र में दोनों नेताओं ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराने की मांग की है.

पत्र में कहा गया है कि ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन, नकद दान, सोना और चांदी सहित सभी चढ़ावों के प्रबंधन की जांच कराई जानी चाहिए. साथ ही जांच के नतीजों और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को यह जानकारी मिल सके कि उनके द्वारा दिए गए चढ़ावे का उपयोग किस प्रकार किया गया.

कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा?

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने पत्र में लिखा कि लाखों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और विश्वास के साथ दान दिया है और कथित वित्तीय अनियमितताओं की खबरों के बाद वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले से भली-भांति परिचित हैं और इस विषय पर पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है.

पत्र में कहा गया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा संसद में की गई थी, जबकि इसके सदस्यों की नियुक्ति केंद्र सरकार की ओर से की गई. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट के कई सदस्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद (VHP) और उनसे जुड़े संगठनों से संबद्ध हैं.

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

पत्र में यह भी कहा गया है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके पद या प्रभाव की परवाह किए बिना उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए. राहुल गांधी और खरगे ने कहा कि केंद्र सरकार और ट्रस्ट की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करेगी कि इस मामले में कितनी पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाती है.

क्या है प्रमुख मांग?

  • ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच.
  • नकद, सोना और चांदी सहित सभी चढ़ावों के प्रबंधन की जांच.
  • जांच रिपोर्ट और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाए.
  • दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाए.

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button