राष्ट्रीय

20 दिन की भूख हड़ताल से सोनम वांगचुक की हालत नाजुक, डॉक्टरों ने ऑर्गन फेल होने की जताई आशंका

Sonam Wangchuk Health : दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन को 20 दिन पूरे हो चुके हैं. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर वह 28 जून से अनशन पर हैं. लंबे समय से अन्न का त्याग करने की वजह से उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है.

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बताया कि सोनम वांगचुक की शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो चुकी है, उन्होंने कहा कि वांगचुक की हड्डियां साफ दिखाई देने लगी हैं और उन्हें चलने-फिरने में भी दिक्कत हो रही है.

डॉक्टर सतीश लांबा के मुताबिक, भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से सोनम वांगचुक का वजन 9 किलोग्राम से अधिक घट चुका है और अब उनका वजन 56.9 किलोग्राम रह गया है.

मांसपेशियां गलने लगीं, ऑर्गन फेल होने का खतरा

डॉक्टरों ने बताया कि लंबे समय तक भोजन नहीं लेने की वजह से शरीर ग्लूकोज और फैट के बाद अब मांसपेशियों का उपयोग ऊर्जा के लिए करने लगा है. उनके शरीर में यूरिक एसिड का स्तर भी काफी बढ़ गया है, जो मांसपेशियों के तेजी से क्षय होने का संकेत है.

डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो उनकी स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा ऑर्गन फेल होने का खतरा भी पैदा हो सकता है.

दिल्ली हाईकोर्ट ने दिए स्वास्थ्य निगरानी के निर्देश

सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने भी मामले में हस्तक्षेप किया है. जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने संबंधित अधिकारियों को उनके स्वास्थ्य की रोजाना निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

कोर्ट ने कहा कि किसी भी नागरिक का जीवन अमूल्य है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है. इस दौरान केंद्र और दिल्ली सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी इस बात पर सहमति जताई.

अनशन खत्म करने के लिए तैयार नहीं वांगचुक

स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बावजूद सोनम वांगचुक ने साफ किया है कि वह फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे, उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने समर्थकों से 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को सफल बनाने की अपील की है, उन्होंने छात्रों से कहा कि वे इस आंदोलन को लोकतंत्र और राजनीति विज्ञान की वास्तविक सीख के रूप में देखें.

कई नेताओं और हस्तियों ने दिया समर्थन

जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन को कई राजनीतिक नेताओं और सामाजिक हस्तियों का समर्थन मिल रहा है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सोनम वांगचुक से मुलाकात कर केंद्र सरकार से उनकी मांगों पर विचार करने की अपील की थी.

इसके अलावा म्यूजिशियन विशाल ददलानी, अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, लेखक शोभा डे, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे समेत कई लोगों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है. वहीं, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने भी उन्हें पत्र लिखकर भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की है.

ये भी पढ़ें- शादी की बारात के लिए बुक कर सकते हैं पूरी ट्रेन या कोच, जानिए रेलवे की FTR सेवा का पूरा तरीका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button