Indian Railways : भारत में शादियां सिर्फ एक समारोह नहीं बल्कि परिवार और रिश्तेदारों के लिए बड़ा उत्सव होती हैं। कई बार जब बारात को एक शहर से दूसरे शहर ले जाना होता है तो सबसे बड़ी चुनौती सभी लोगों के आने-जाने की व्यवस्था करना होती है। बस या कई गाड़ियों की व्यवस्था में समय और पैसा दोनों ज्यादा लगते हैं। लेकिन भारतीय रेलवे की एक खास सुविधा के जरिए शादी जैसे आयोजनों के लिए पूरी ट्रेन या कुछ कोच बुक किए जा सकते हैं।
रेलवे की इस सुविधा को FTR (Full Tariff Rate) सेवा कहा जाता है। इसके तहत लोग शादी, धार्मिक यात्रा, टूर ग्रुप या अन्य विशेष आयोजनों के लिए ट्रेन के कोच रिजर्व करा सकते हैं।
शादी के लिए ट्रेन या कोच बुक करने के नियम
FTR सेवा के तहत कोच बुक करने के लिए रेलवे के कुछ नियमों का पालन करना जरूरी होता है।
यात्रा की तारीख से अधिकतम 180 दिन यानी करीब 6 महीने पहले और कम से कम 30 दिन पहले बुकिंग के लिए आवेदन किया जा सकता है।
एक ट्रेन में अधिकतम 10 कोच तक बुक किए जा सकते हैं।
चार्टर्ड कोच को सिर्फ उन्हीं स्टेशनों पर जोड़ा या हटाया जा सकता है, जहां ट्रेन का ठहराव कम से कम 10 मिनट या उससे अधिक हो।
प्रत्येक कोच के लिए ₹50,000 का रजिस्ट्रेशन सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होता है।
यह सिक्योरिटी राशि अधिकतम 7 दिनों की यात्रा के लिए मान्य होती है। अगर यात्रा 7 दिनों से ज्यादा की है तो अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है।
7 दिन से ज्यादा यात्रा होने पर ₹50,000 के अलावा प्रत्येक कोच के लिए ₹10,000 प्रतिदिन अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है।
कितना देना होगा किराया?
शादी के लिए बुक किए गए कोच का किराया कई चीजों पर निर्भर करता है। इसमें यात्रा की दूरी, कोच की श्रेणी (स्लीपर, 3AC, 2AC आदि), सीटों की संख्या, सर्विस चार्ज और अन्य टैक्स शामिल होते हैं।
यात्रा पूरी होने के बाद रेलवे किसी भी नुकसान या बकाया राशि को समायोजित करने के बाद सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस कर देता है।
ऑनलाइन कैसे करें कोच बुकिंग?
अगर आप शादी के लिए ट्रेन या कोच ऑनलाइन बुक करना चाहते हैं तो इसके लिए FTR वेबसाइट का इस्तेमाल करना होगा।
सबसे पहले IRCTC की FTR वेबसाइट पर जाएं।
यहां आपको नया यूजर अकाउंट बनाना होगा, जो सामान्य IRCTC अकाउंट से अलग होता है।
लॉगिन करने के बाद Coach Booking विकल्प चुनें।
यात्रा की तारीख, ट्रेन नंबर, रूट, कोच का प्रकार (AC या Non-AC) और यात्रियों की संख्या जैसी जानकारी भरें।
आवेदन जमा करने के बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलेगा।
इसके बाद 6 दिनों के अंदर प्रति कोच ₹50,000 सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होगा।
रेलवे कोच की उपलब्धता और परिचालन स्थिति की जांच करेगा।
मंजूरी मिलने के बाद यात्रा शुरू होने से पहले निर्धारित समय पर पूरा किराया जमा करना होगा।
ऑफलाइन भी कर सकते हैं बुकिंग
अगर आप ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं अपनाना चाहते तो नजदीकी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर या मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं।
इसके लिए आपको एक लिखित आवेदन देना होगा, जिसमें यात्रा की तारीख, रूट, यात्रियों की संख्या और कोच से जुड़ी जानकारी देनी होगी। रेलवे अधिकारी FTR सिस्टम में जानकारी दर्ज करने के बाद आपको बुकिंग से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने में मदद करेंगे।
बारात के लिए ट्रेन बुकिंग क्यों है खास?
पूरी बारात को एक साथ ले जाने के लिए ट्रेन बुकिंग एक सुविधाजनक विकल्प हो सकता है। इससे यात्रा का प्रबंधन आसान हो जाता है और बड़ी संख्या में लोगों के लिए अलग-अलग वाहन की व्यवस्था करने की परेशानी भी कम होती है। रेलवे की FTR सेवा शादी जैसे खास मौकों पर यात्रा को व्यवस्थित और आरामदायक बनाने का एक विकल्प देती है।
ये भी पढ़ें- नैनीताल की छिपी हुई खूबसूरती है परी ताल, जहां है प्रकृति, रोमांच और रहस्य का अनोखा संगम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









