राष्ट्रीय

लद्दाख में बाइकर्स पर बड़ी कार्रवाई, ऑफ-रोडिंग पड़ी भारी… लाखों का जुर्माना!

Ladakh Off Roading Action : लद्दाख में पर्यावरण और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। संरक्षित इलाकों में अवैध ऑफ-रोडिंग करने वाले 12 बाइकर्स पर कुल 1.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा पैंगोंग झील के पास नियमों का उल्लंघन कर ऑफ-रोडिंग करने वाले एक SUV चालक पर भी 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

अवैध तरीके से ऑफ-रोडिंग करते हुए पकड़ा

लद्दाख प्रशासन ने पहली बार किसी बाइकर्स ग्रुप के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई की है। अधिकारियों के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को वन्यजीव विभाग की टीम ने त्सो मोरीरी झील के पास चांगथांग वन्यजीव अभयारण्य के संवेदनशील क्षेत्र में 12 बाइक सवारों को अवैध तरीके से ऑफ-रोडिंग करते हुए पकड़ा था। ये सभी पर्यटक गुरुग्राम की एक टूर कंपनी के जरिए लद्दाख पहुंचे थे।

जांच के दौरान सामने आया कि बाइकर्स ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के नियमों का उल्लंघन किया। इसके बाद कानून के तहत कार्रवाई करते हुए सभी 12 लोगों से 10-10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

50 हजार रुपये का लगाया गया जुर्माना

इससे पहले 30 जून 2026 को वन विभाग की टीम ने पैंगोंग झील के नजदीक मान गांव इलाके में गश्त के दौरान एक महिंद्रा XUV 3XO को संरक्षित क्षेत्र में ऑफ-रोडिंग करते हुए पकड़ा था। वाहन को जब्त कर लिया गया और चालक पर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना जमा करने के बाद वाहन को छोड़ दिया गया।

बाइक और एडवेंचर टूरिज्म के लिए लोकप्रिय

लद्दाख प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में यह क्षेत्र बाइक और एडवेंचर टूरिज्म के लिए काफी लोकप्रिय हुआ है, लेकिन कई पर्यटकों की लापरवाही से झीलों, वेटलैंड, वन्यजीव क्षेत्रों और प्राकृतिक आवासों को नुकसान पहुंच रहा है।

विनय कुमार सक्सेना की पर्यटकों से अपील

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पर्यटकों से अपील की है कि वे लद्दाख की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि लद्दाख की पहाड़ियां, झीलें और वन्यजीव पूरे देश की अमूल्य धरोहर हैं, इसलिए यहां आने वाले लोगों को जिम्मेदारी के साथ पर्यटन करना चाहिए।

100 पूर्व सैनिकों को किया गया तैनात

प्रशासन ने साफ किया है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लद्दाख के नाजुक इकोसिस्टम की सुरक्षा के लिए पर्यावरण संरक्षण बल में 100 पूर्व सैनिकों की तैनाती भी की गई है।

ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस से आकाश तक भारतीय हथियारों का दुनिया में जलवा, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा रक्षा निर्यात

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button