Lawrence Bishnoi Gang : विदेशों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. अमेरिका के बाद अब फ्रांस और कनाडा में भी गैंग से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसा गया है. फ्रांस में लॉरेंस गैंग के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग मामले में एक अन्य आरोपी को कनाडा पुलिस ने पकड़ लिया है. इसके अलावा गैंग से जुड़े एक अन्य व्यक्ति को कनाडा से भारत भेजने का आदेश भी जारी किया गया है.
कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने शुक्रवार को बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कथित सदस्य गरिंदर देव को फ्रांस में गिरफ्तार किया गया है. अब प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत उसे कनाडा लाया जाएगा.
लॉरेंस नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के आरोपपत्र के अनुसार, 40 वर्षीय गरिंदर देव ‘डॉक्टर’, ‘रकिट’ और ‘रिट्ज कार्लटन’ जैसे नामों से भी जाना जाता है. उस पर आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े आपराधिक नेटवर्क को आर्थिक मदद पहुंचाने के लिए बड़ी मात्रा में कोकीन और हेरोइन की तस्करी की साजिश में भूमिका निभाई.
बताया गया है कि जून 2025 में करीब 99.2 किलोग्राम कोकीन और एक किलोग्राम हेरोइन की खेप दक्षिणी कैलिफोर्निया से अमेरिका के पूर्वी हिस्से तक भेजने की कोशिश की गई थी, जिसे अमेरिकी एजेंसियों ने रास्ते में ही जब्त कर लिया था.
कपिल शर्मा के कैफे फायरिंग मामले में भी कार्रवाई
एक अन्य मामले में कनाडा के इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी ट्रिब्यूनल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य जशनदीप सिंह को देश से डिपोर्ट करने का आदेश दिया है.
जशनदीप सिंह पर आरोप है कि उसने सरे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे के बाहर हुई फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाने में मदद की थी. हालांकि, इस मामले में उसके खिलाफ अभी तक कोई औपचारिक आपराधिक आरोप तय नहीं किए गए हैं. जशनदीप सिंह वर्ष 2022 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था और उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है.
विदेशों में तेज हुई कार्रवाई
इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अर्शदीप सिंह को भी कनाडा से डिपोर्ट किया जा चुका है. वहीं, अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा लॉरेंस बिश्नोई समेत दो भारतीय गैंगस्टरों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद विदेशों में गैंग से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई और तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









