Rajiv Chawk NHAI Project : भारतीय राजमार्ग प्रधिकरण (NHAI) ने राजीव चौक को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्त करने के लिए एक डिजाइन तैयार किया है, जिसके तहत दो एलिवेटेड रैंप बनाए जाने की योजना है।
पहला रैंप दिल्ली-गुरूग्राम एक्सप्रेसवे को गुरूग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ेगा, जबकि दूसरा रैंप गुरुग्राम-सोहना हाईवे से दिल्ली गुरूग्राम एक्सप्रेसवे की ओर बनाया जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा उन वाहन चालकों को मिलेगा जो दिल्ली दिशा से आकर सोहना की ओर जाना चाहते हैं।
एलिवेटेड रैंप से आसान रास्ता
इस एलिवेटेड रैंप के जरिए वाहन सीधे गुरूग्राम-सोहना हाईवे पर पहुंच सकेंगे। इसी तरह सोहना की तरफ आने वाले जिन वाहनों को जयपुर या दिल्ली जाना है, वे बिना किसी रुकावट के सीधे दिल्ली-गुरूग्राम एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकेंगे। साइबर सिटी क्षेत्र के कई चौराहे भारी ट्रैफिक दबाव झेल रहे है, और राजीव चौक इसमे प्रमुख है। चूंकि इस चौक से शहर के लगभग हर इलाके के लिए वाहन उपलब्ध हो जाते है, इसलिए यहां चौबीसों घंटे वाहनों का भारी दबाव बना रहता है।
आधा घंटा जाम में बीतता है सफर
नतीजतन, चौक से गुजरने में जहां अधिकतम आधे से एक मिनट का समय लगना चाहिए, वहीं 25 से 30 मिनट लग जाते है, और कई बार यह देरी एक घंटे तक पहुंच जाती है। इस समस्या को हल करने के लिए दोनों दिशाओं में एलिवेटेड रैंप बनाने की योजना तैयार की गई है।
दिल्ली-गुरूग्राम एक्सप्रेसवे से गुरूग्राम-सोहना हाईवे की ओर बनने वाला रैंप ताऊ देवीलाल स्टेडियम के रास्ते होते हुए गुजरेगा। वहीं, गुरूग्राम-सोहना हाईवे से दिल्ली-गुरूग्राम एक्सप्रेसवे की ओर बनने वाली रैंप के लिए बीएसएनएल की जमीन की जरूरत होगी, और जानकारी के अनुसार बीएसएनएल इस जमीन को देने के लिए सहमत हो गया है।
रैंप का नया डिजाइन फाइनल
इसी को ध्यान में रखते हुए आगे की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परियोजना का डिजाइन पूरा हो चुका है, और अब लागत का आकलन तैयार करके टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। NHAI के परियोजना निर्देशक योगेश तिलक का कहना है कि एलविटेड रैंप बनाने के लिए डिजाइन तैयार कर लिया गया है। अब जल्द ही आगे की कार्यवाही तेज होगी। प्रयास है कि जितनी जल्द हो जमीनी स्तर पर काम शुरू हो जाए।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उपयोग बढ़ेगा
गुरुग्राम-सोहना हाईवे आगे चलकर गांव अलीपुर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ता है, फिर भी कई लोग इस हाईवे का इस्तेमाल करने से बचते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह राजीव चौक पर लगने वाला जाम है। एलिवेटेड रैंप बनने के बाद जाम की समस्या खत्म हो जाएगी, जिससे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उपयोग बढ़ेगा। अभी हालात यह हैं कि राजीव चौक से अलीपुर तक पहुंचने में लगता है, उससे कहीं ज्यादा समय अकेले राजीव चौक पार करने में लग जाता है। पीक ऑवर के दौरान यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
NHAI के पूर्व तकनीकी सलाहकार जे.एस सुहाग का कहना है कि जब केंद्र और राज्य दोनों में एक ही पार्टी की सरकार है, तो किसी भी परियोजना पर काम शुरू होने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि स्थानीय अधिकारी इस दिशा में सक्रियता से कदम उठाएं।
ये भी पढ़ें- Mumbai Chawl Collapse : मानखुर्द में दर्दनाक हादसा, चॉल ढहने से छह की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









