Delhi Weather : दिल्ली-NCR में मानसून का असर लगातार बना हुआ है और लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिल रही है. शनिवार को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई. अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें तापमान में गिरावट के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है. इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं, न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद इसमें भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री, रिज में 36.4 डिग्री और आयानगर में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री की कमी आई, जबकि न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई.
पूरे दिन छाए रह सकते हैं बादल
रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. सुबह या दोपहर के समय गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. झोंकों के दौरान हवा की गति 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
हालांकि बारिश से गर्मी कम हुई है, लेकिन हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस बनी हुई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है, ताकि तेज हवाओं, पेड़ गिरने या बिजली गिरने जैसी संभावित घटनाओं से सुरक्षित रहा जा सके.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








