Delhi NCRक्राइमबड़ी ख़बर

दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Delhi News : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI  से जुड़े एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को धर दबोचा है। जांच में सामने आया है कि यह पूरा गिरोह पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी के इशारों पर काम कर रहा था, जो दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में पुलिसकर्मियों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतरराज्यीय ऑपरेशन को अंजाम देते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI  के हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके साथियों के निर्देश पर काम कर रहे थे और दिल्ली में आतंकी वारदत को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह , साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है, जिसमें तीन आरोपी पंजाब और एक दिल्ली का निवासी बताया जा रहा है।

पहचान छिपाने के तरीके से मिली जांच की कड़ी

इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा है कि आरोपी अपनी असली पहचान छिपाने के लिए विदेशी मोबाइल नंबर का प्रयोग करते थे। ये नंबर उन्हें सीधा पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी की तरफ से मुहैया कराया गया था ,ताकि भारतीय एजेंसियां उनकी बातचीत को ट्रैक ना कर सके ।

आरोपियों के कब्जे से बरामद हथियार

स्पेशल सेल की जांच में आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी निर्मित पिस्तौलें और नौ कारतूस मिले हैं, साथ ही पुलिस ने पांच मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों में से एक, गगनप्रीत, को दिल्ली स्थित पुलिस थानों और धार्मिक स्थलों की निगरानी व जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इतना ही नहीं, उसे दिल्ली में फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए भी कहा गया था।

खुफिया इनपुट मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई  

स्पेशल सेल को एक भरोसेमंद सूचना मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि उसने पंजाब के कुछ युवकों को अपने नेटवर्क में शामिल किया था। इस खुफिया इनपुट और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस टीमों ने दिल्ली व पंजाब में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में उसने ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ मिलने की बात स्वीकार की।

आगे की जांच में शुभदीप के दो साथियों, गुरजंट सिंह और साजन सिंह, को भी पंजाब से दबोच लिया गया। इनके पास से एक जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इसके बाद 24 अप्रैल, 2026 के दिन गगनप्रीत को दिल्ली से हिरासत में लिया गया, जिसके मोबाइल फोन की जांच में कई अहम और आपत्तिजनक सुबूत हाथ लगे। पता चला कि पाकिस्तानी हैंडलरों ने गगनप्रीत को दिल्ली के पुलिस थानों और पिकेट पॉइंट्स की वीडियो रिकॉर्डिंग करने का टास्क दिया था।

ये भी पढ़ें – भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में नामजद अफसर को मिली नई जिम्मेदारी, परिवार का फूटा गुस्सा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button