Uttarakhand News : मोहाली के सोहाना स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां में रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब उत्तराखंड से रिहा होकर लौटे निहंग सिंहों के सम्मान समारोह के दौरान एक व्यक्ति ने बाबा जसदीप सिंह पर हमला करने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से गुरुद्वारा परिसर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि मौजूद निहंग सिंहों और संगत ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया, जिससे स्थिति नियंत्रण में आ गई।
हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में केस दर्ज
यह पूरा मामला 16 जून को उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में हुए विवाद से जुड़ा है, जहां निहंग सिंहों और स्थानीय लोगों के बीच सड़क हादसे के बाद कहासुनी और फिर हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान कुछ वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें कथित तौर पर तलवार से हमले की घटना देखी गई थी। इसके बाद पुलिस ने चार निहंगों को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया था।
रिहाई की मांग को लेकर उत्तराखंड कूच
गिरफ्तारी के बाद मामला और बढ़ गया था, जब पंजाब और उत्तराखंड के बीच तनाव की स्थिति बन गई। कई निहंग जत्थों ने रिहाई की मांग को लेकर उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर रोक दिया था। बाद में राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और माहौल शांत हुआ।
अभी दोषमुक्त नहीं, आगे की सुनवाई जारी
27 जून को गोपेश्वर जिला एवं सत्र न्यायालय ने चारों निहंगों को जमानत दे दी, जिसके बाद वे पंजाब लौट आए। उनकी रिहाई के बाद गुरुद्वारे में स्वागत समारोह आयोजित किया गया था, जहां यह घटना हुई। हालांकि चारों निहंगों को जमानत मिल चुकी है, लेकिन वे अभी दोषमुक्त नहीं हैं और मामले की आगे की सुनवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- मुंशी और महिला पुलिसकर्मी का रोमांस, सोशल मीडिया पर Video Viral
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









