
Uttarakhand News : उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां दो वक्त की रोटी कमाने के लिए घर से निकला एक मजदूर लापरवाही का शिकार हो गया। डंपर पर रेत लोडिंग के दौरान हुए हादसे में वह भारी मात्रा में रेत के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
डंपर पर कट्टे लगा रहा था, तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार लालकुआं निवासी 30 वर्षीय पवन सिंह रविवार को रोज की तरह मजदूरी करने पहुंचा था। वह डंपर से रेत गिरने से रोकने के लिए उसके किनारों पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि डंपर पर कोई मौजूद है या नहीं, रेत डालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पवन रेत के ढेर में दब गया और कुछ ही मिनटों में पूरा डंपर भर गया।
रेत के नीचे दबकर टूट गई जिंदगी की डोर
बताया जा रहा है कि पवन ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की होगी, लेकिन बरसात के कारण नम और भारी रेत के नीचे दबने से वह बाहर नहीं निकल सका। जब तक लोगों को हादसे की जानकारी हुई, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
‘अगर समय रहते देख लिया होता तो बच सकती थी जान’
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि यदि डंपर को लोड करने से पहले एक बार अंदर देख लिया जाता या चालक यह सुनिश्चित कर लेता कि कोई व्यक्ति वाहन पर नहीं है, तो शायद पवन की जान बचाई जा सकती थी। घटना ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रेत हटाते समय दिखा हाथ, मजदूरों में मच गया हड़कंप
चौफुला-कठघरिया मार्ग पर काम कर रहे मजदूरों ने जब डंपर से रेत उतारनी शुरू की तो कुछ फावड़े चलने के बाद रेत के भीतर से एक हाथ दिखाई दिया। यह देखकर वहां मौजूद मजदूर घबरा गए और चीखते हुए पीछे हट गए। इसके बाद घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।
लापरवाही की आशंका, जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। अब सभी की नजर जांच और जिम्मेदार लोगों पर होने वाली कार्रवाई पर है।
ये भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, जांच के लिए नई SIT गठित
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









