
Ghaziabad News : गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में सोमवार को एक बंद मकान से मां और बेटी के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने घर से तेज दुर्गंध आने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों शवों को बाहर निकाला।
घर के अंदर मिले मां-बेटी के शव, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मकान अंदर से बंद था और काफी समय से नहीं खुला था। मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि मृतका के साथ रहने वाला व्यक्ति फिलहाल गायब है। स्थानीय लोगों ने दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
एसीपी ने दी घटना की जानकारी
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बंद कमरे से दुर्गंध आ रही है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने के बाद अंदर मां-बेटी के शव बरामद हुए। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई गई।
करीब 10 साल से पूजा कॉलोनी में रह रहा था परिवार
जांच में सामने आया कि सरवन निवासी बुध बाजार, पूजा कॉलोनी के एक मकान में प्रमिला (करीब 45 वर्ष) पत्नी पवन निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार अपनी 7 वर्षीय बेटी विद्या के साथ रह रही थी। बताया गया कि परिवार यहां करीब 10 साल से रह रहा था।
25 तारीख से बंद था मकान, सोमवार को खुला मामला
मकान मालकिन पुष्पा रविवार को घर पहुंची थीं। बताया गया कि मकान पर 25 तारीख से ताला लगा हुआ था। सोमवार को पड़ोसियों ने कमरे से दुर्गंध आने और दरवाजे के बाहर बड़ी संख्या में मक्खियां जमा होने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
रिश्तेदार ने घरेलू विवाद की बात बताई
मृतका की रिश्तेदार प्रीति पत्नी देवेंद्र निवासी ग्राम लकड़ी ढाई, जनपद मुजफ्फरपुर (बिहार) ने बताया कि प्रमिला उसकी मौसी थीं। उन्होंने बताया कि प्रमिला की पहली शादी पिंटू से हुई थी, जिससे उनकी एक बेटी विद्या थी। वहीं, वर्तमान पति पवन की पहली पत्नी से दो बेटियां लक्ष्मी (करीब 5-6 वर्ष) और मैक्रोनी (करीब 3-4 वर्ष) हैं।
पवन की तलाश में जुटी पुलिस, हर पहलू की जांच जारी
रिश्तेदारों के अनुसार प्रमिला और पवन पिछले करीब 6-7 वर्षों से साथ रह रहे थे। दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद और कहासुनी होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बताए जा रहे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें – तरलोचन सिंह को आज डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








