Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में कमजोर मानसून के चलते बारिश का स्तर सामान्य से कम बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार (27 जुलाई) को राजधानी में केवल बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं. हालांकि, 28 और 29 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार (26 जुलाई) को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है. इस दौरान हवा में नमी का अधिकतम स्तर 85 प्रतिशत और न्यूनतम स्तर 61 प्रतिशत दर्ज किया गया.
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश हुई. इस दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
आज कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, सोमवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. रात में भी हल्की बारिश होने की संभावना है.
आज अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
28 और 29 जुलाई के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 जुलाई (मंगलवार) और 29 जुलाई (बुधवार) को दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में भारी बारिश, बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. विभाग का कहना है कि इन दिनों होने वाली बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिल सकती है.
IMD के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले सात दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने 30 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है, जबकि इसके बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









