Delhi Police on CJP Protest : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 20 जुलाई को हुए संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हुए। अब दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए प्रदर्शन को लेकर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही थी।
CJP के बैनर तले विरोध प्रदर्शन
शनिवार को जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ी फर्जी खबरों और भ्रामक पोस्ट को लेकर दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान DCP (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पिछले कई हफ्तों से जंतर-मंतर पर CJP के बैनर तले विरोध प्रदर्शन चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर इंस्टाग्राम का बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया गया।
दिल्ली पुलिस की जनता से अपील
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कई ऐसे पोस्ट सामने आए जिनमें गलत जानकारी, भ्रामक दावे और एडिट किए गए वीडियो शेयर किए गए। पुलिस ने कहा कि ऐसी पोस्ट से कानून व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी जानकारी को आगे शेयर करने से पहले उसकी जांच जरूर करें।
एडिट की गई तस्वीरों की हुई पहचान
DCP रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रही है। फेक न्यूज, AI से बनाए गए कंटेंट, डीपफेक वीडियो और एडिट की गई तस्वीरों की पहचान कर लोगों को सही जानकारी देने का काम किया जा रहा है।
पाकिस्तान से संचालित सोशल मीडिया हैंडल्स
उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान कुछ ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान हुई है, जो पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे थे और गलत जानकारी फैला रहे थे। दिल्ली पुलिस ने बताया कि अब तक ऐसे 400 से ज्यादा सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान की गई है।
प्रदर्शन से जुड़ी भ्रामक जानकारियां
पुलिस के अनुसार, इन अकाउंट्स पर कार्रवाई करते हुए इन्हें ब्लॉक कराया गया है। इनसे AI से तैयार कंटेंट, डीपफेक वीडियो, एडिट की गई तस्वीरें और प्रदर्शन से जुड़ी भ्रामक जानकारियां साझा की जा रही थीं। पुलिस ने यह भी कहा कि इससे पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी कुछ ऐसे अकाउंट्स गलत जानकारी फैलाते पाए गए थे।
फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कुछ मामलों में अधिकारियों के पुराने बयानों को एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया। इसके अलावा महिला की मौत से जुड़ी झूठी खबर और सोनम वांगचुक के नाम से फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले भी सामने आए।
अकाउंट्स पर नजर रख रही दिल्ली पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाली हर जानकारी पर तुरंत भरोसा न करें और किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें। पुलिस का कहना है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वाले अकाउंट्स पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- यूपी में मानसून का कहर, 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई नदियां उफान पर, बाढ़ का खतरा बढ़ा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








