AI Deepfake Video : केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे अपने कथित बयान वाले वीडियो को पूरी तरह फर्जी और AI से तैयार किया गया डीपफेक बताया है, उन्होंने स्पष्ट कहा कि वीडियो में दिखाई और सुनाई दे रही बातें उनके वास्तविक बयान का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि उसमें तकनीक की मदद से छेड़छाड़ की गई है.
पीयूष गोयल के मुताबिक, संसद के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने जो बयान दिया था, उसे जानबूझकर एडिट किया गया. इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एक डीपफेक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे लोगों के बीच गलत जानकारी फैलाई जा सके.
पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज
उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो का उद्देश्य लोगों को गुमराह करना और भ्रम पैदा करना है. उनका मानना है कि गलत और भ्रामक सूचनाओं को फैलाना लोकतांत्रिक संवाद के लिए भी नुकसानदायक है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे कंटेंट से लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी गई है, उन्होंने कहा कि वीडियो बनाने और उसे फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वायरल जानकारी की पहले जांच करें
पीयूष गोयल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वीडियो या जानकारी को बिना उसकी सत्यता जांचे साझा न करें, उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली हर चीज सच नहीं होती और ऐसे मामलों में सतर्क रहना बेहद जरूरी है.
यह मामला एक बार फिर AI और डीपफेक तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- पंजाब में 10 लाख नए राशन कार्ड का ऐलान, 22 जुलाई से शुरू आवेदन, परिवारों के लिए बड़ी राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








