Weather Update : देशभर में बारिश से हाल बेहाल है, कई राज्य भारी बारिश से बाढ़ की चपेट में है। गुजरात (वलसाड) के उमरगाम तालुका में 16 घंटों में 43 इंच बारिश हुई, जिससे निचले इलाके डूब गए हैं। राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। नवसारी में हेलिकॉप्टर से लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। अहमदाबाद, सूरत में पानी भरने की जानकारी है। वाव-थराद जिले में बाजार डूब गए।
देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण गंगा, यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। सीतापुर में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जहां ग्रामीणों को आवाजाही के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सिवान समेत 19 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में भी रेड अलर्ट जारी
राजस्थान में भी बारिश का सिलसिला जारी है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले कई जिलों में दोपहर बाद तेज बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बिजली गिरने की संभावना जताई
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, नगालैंड, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और झारखंड में भारी बारिश की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
यहां मौसम सामान्य रहने की उम्मीद
मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें- पंजाब में SC आयोग का बड़ा एक्शन, तीन मामलों में सुओ-मोटो नोटिस जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








