Student Protest News : नगर थाना क्षेत्र में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस बल पर हमला, सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने और पथराव करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अन्य उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जीडी कॉलेज से छात्र आंदोलन निकाला गया था. आंदोलन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्व समाहरणालय चौक पहुंच गए और वहां तैनात पुलिस बल पर हमला कर दिया. इस दौरान पुलिस वाहन समेत अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया. पथराव और हंगामे के कारण कुछ मीडियाकर्मी और राहगीर भी घायल हो गए.
विधि-व्यवस्था बहाल की गई
छात्र आंदोलन को देखते हुए समाहरणालय के पास पहले से ही दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही एसपी मनीष के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया.
इसके बाद कुछ उपद्रवी कैंटीन चौक और ट्रैफिक चौक की ओर बढ़ गए और वहां भी हंगामा करने लगे. पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और विधि-व्यवस्था बहाल की. पुलिस ने इस मामले में मो. गोलू उर्फ गोल्डी, अभिषेक कुमार, प्रशांत कुमार और मो. शाहबाज को गिरफ्तार किया है. वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है.
नगर थाना पुलिस ने दो दर्जन से अधिक संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं और आम लोगों से उनकी पहचान कर पुलिस को सूचना देने की अपील की है. एसपी मनीष ने कहा कि मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढ़ें- Punjab Education : पहली से 12वीं तक AI बनेगा मुख्य विषय, 31.5 लाख छात्रों को मिलेगा फायदा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








