Delhi Metro News : दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का असर अब दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है. लगातार जारी प्रदर्शन और सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने गुरुवार (23 जुलाई) को 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है.
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 7:30 बजे से ये स्टेशन बंद रहेंगे. हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी.
यात्रियों को दी गई जरूरी सलाह
DMRC के अनुसार, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन फिलहाल बंद रहेंगे.
इन स्टेशनों को कब दोबारा खोला जाएगा, इसे लेकर अभी कोई समयसीमा जारी नहीं की गई है. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले दिल्ली मेट्रो की ताजा अपडेट जरूर जांच लें.
बता दें कि 20 जुलाई से शुरू हुए आंदोलन के बाद दिल्ली मेट्रो 20, 21 और 22 जुलाई को भी कई स्टेशनों की सेवाओं में बदलाव कर चुकी है. दिल्ली मेट्रो से रोजाना करीब 60 से 70 लाख यात्री सफर करते हैं. इनमें से कई बंद स्टेशन राजधानी के सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशनों में शामिल हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- पटना में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, प्रदर्शन के दौरान चले लाठी-डंडे और पत्थर, कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









