Biharराज्य

NEET विवाद पर बिहार बंद में हिंसा, सीवान से पटना तक बवाल, कई जगह पत्थरबाजी और आगजनी

Bihar News : NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाया गया बिहार बंद शनिवार को कई जिलों में हिंसक हो गया. सीवान, छपरा, भागलपुर और पटना समेत कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव देखने को मिला. कई स्थानों पर पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं सामने आईं.

सीवान में प्रदर्शन के दौरान हालात सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रहे. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया. इस दौरान सीवान के एसपी पूरन झा के हाथ में पत्थर लगने से चोट आई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन स्थिति काबू में नहीं आने पर 10 राउंड से ज्यादा हवाई फायरिंग करनी पड़ी.

छपरा में पुलिस वाहन को लगाई आग

छपरा शहर में दोपहर बाद प्रदर्शन उग्र हो गया. पंकज सिनेमा रोड पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी की. कई ठेले और पुलिस बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया गया. उग्र भीड़ ने पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रदर्शनकारी सरकारी भवन पर भी चढ़ गए और वहां लगे पोस्टर फाड़ दिए. कुछ छात्र बैरिकेडिंग उठाकर ले जाते हुए भी नजर आए. भारी भीड़ के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया. इस दौरान एक जज की गाड़ी भी जाम में फंस गई.

पटना में तेज प्रताप यादव भी प्रदर्शन में पहुंचे

वहीं, पटना के गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में छात्र जुटे. रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए. इसी दौरान राजद नेता तेज प्रताप यादव हाथ में तिरंगा लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए. बाद में प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे. पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद तनाव बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई. पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा और तेज प्रताप यादव को हिरासत में ले लिया.

भागलपुर और अन्य जिलों में भी तनाव

भागलपुर में भी प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी हुई. छात्रों ने पुलिस की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और अतिरिक्त बल तैनात कर हालात को नियंत्रित किया. वहीं, मधेपुरा में छात्रों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. बेगूसराय में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी की गई.

ये भी पढ़ें- पंजाब में 10 लाख नए राशन कार्ड का ऐलान, 22 जुलाई से शुरू आवेदन, परिवारों के लिए बड़ी राहत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button