Iran-US Tensions : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-चीन को सीधे चेतावनी दे डाली है। ट्रंप ने कहा कि यूएस-ईरान जंग के मध्य ना आएं, किसी भी तरह से हथियार सप्लाई व अन्य तरीके से सहायता करने का प्रयास किया तो अंजाम बहुत बुरा होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हाल ही में बीजिंग में हुई मुलाकात के दौरान उन्हें भरोसा दिया था कि चीन किसी भी स्थिति में ईरान को हथियार नहीं देगा। ट्रंप ने कहा कि यही बात चीनी कंपनियों पर भी लागू होगी। उन्होंने कहा कि उन्हें जिनपिंग की बात पर भरोसा है।
यूक्रेन युद्ध के बावजूद पुतिन से बातचीत
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी उन्हें भरोसा दिलाया है कि रूस ईरान को हथियार नहीं बेचेगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन युद्ध के बावजूद उनकी पुतिन से बातचीत जारी है।
अमेरिका के हथियारों को लेकर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका सीधे यूक्रेन को हथियार नहीं बेचता, बल्कि नाटो देशों को हथियार उपलब्ध कराता है। नाटो देश इन हथियारों की पूरी कीमत चुकाते हैं और इसके बाद वे इन्हें कहां भेजते हैं, इसकी पूरी जानकारी अमेरिका के पास नहीं होती।
नेतन्याहू और ट्रंप की मुलाकात पर नजर
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सोमवार को अमेरिका जाएंगे। ईरान के साथ संघर्ष शुरू होने के बाद यह उनकी ट्रंप से पहली मुलाकात होगी। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय हालात और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक बाजार पर भी दिख रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है और ब्रेंट क्रूड का भाव मई के बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया है।
कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन हमले का दावा
ईरान ने कुवैत में मौजूद तीन अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन हमला करने का दावा किया है। इन ठिकानों में कैंप अरिफजान, कैंप दोहा और कैंप अदैरी शामिल हैं। हालांकि हमले से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

ईरान ने कहा- अमेरिका के सामने नहीं झुकेंगे
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश अमेरिका के दबाव के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा कि ईरान धमकियों को स्वीकार नहीं करेगा। यह बयान उन्होंने किर्गिस्तान में SCO देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान दिया।
होर्मुज जलडमरूमध्य में LPG टैंकर पर हमला
ईरान के जलक्षेत्र में एक LPG टैंकर पर हमले की खबर सामने आई है। मोजाम्बिक के झंडे वाले इस टैंकर में 28 भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे। भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि सभी भारतीय सुरक्षित हैं। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच चीन, रूस, तेल बाजार और खाड़ी क्षेत्र की गतिविधियों पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत पंजाब सरकार ने 8,069 कैंसर मरीजों के कैशलेस इलाज पर 20.22 करोड़ रुपए खर्च किए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









