Yemen Houthi Rebels : यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है. यह हमला सऊदी अरब की सेना की ओर से सना एयरपोर्ट पर किए गए हमले के कुछ दिनों बाद हुआ है. इस घटना के बाद रियाद और ईरान समर्थित हूती विद्रोही गुट के बीच तनाव बढ़ गया है.
हूती समूह के आधिकारिक प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी कासिम सरी ने टेलीग्राम पर जारी बयान में दावा किया कि हूती सेना ने सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों ENCELIA और LAYLA को निशाना बनाया है.
दोनों जहाजों को बनाया निशाना
हूती प्रवक्ता के अनुसार, इन दोनों जहाजों को निशाना बनाते हुए एक “विशेष सैन्य अभियान” चलाया गया, क्योंकि उनका दावा था कि इन जहाजों ने लाल सागर में हूती की ओर से लगाए गए घेराव का उल्लंघन किया था.
याह्या सरी कासिम सरी ने अपने बयान में कहा कि इस अभियान को कई बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ ड्रोन के जरिए अंजाम दिया गया, उन्होंने दावा किया कि हमले सटीक रहे और दोनों जहाजों में भीषण आग लग गई. हूती प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि इस अभियान के बाद करीब 10 जहाज पीछे हट गए या वापस लौटने के लिए मजबूर हो गए, उन्होंने कहा कि हूती विद्रोही सऊदी अरब के खिलाफ अपने नौसैनिक अभियान जारी रखेंगे और “घेराबंदी के बदले घेराबंदी” की नीति पर काम करते रहेंगे.
बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई की धमकी
याह्या सरी ने सऊदी अरब को चेतावनी देते हुए कहा कि यमन को निशाना बनाने वाले किसी भी हमले का जवाब बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई के जरिए दिया जाएगा, उन्होंने दावा किया कि इसके परिणाम सऊदी अरब के लिए गंभीर हो सकते हैं.
बता दें कि हूती विद्रोहियों ने हाल ही में यमन के पास लाल सागर और गल्फ ऑफ अदन (Gulf of Aden) को जोड़ने वाले बाब-अल-मंदेब (Bab el-Mandeb) जलडमरूमध्य को सऊदी अरब के जहाजों के लिए बंद करने का ऐलान किया है. आशंका जताई जा रही है कि हमलों के डर से अन्य देशों के जहाज भी इस मार्ग से गुजरने से बच सकते हैं. इससे पहले इस जलमार्ग से होने वाला दुनिया का करीब 12 प्रतिशत व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी.
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर, पुंछ-किश्तवाड़ में बादल फटे, 10 की मौतें, 150 से अधिक गाड़ियां बहीं
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









