Delhi NCRराजनीतिराष्ट्रीय

CJP प्रदर्शन का 33वां दिन, सोनम वांगचुक ने सरकार को लिखी चिट्ठी, बच्चों पर कार्रवाई नहीं करने की मांग, वांगचुक अनशन तोड़ने को तैयार

Delhi Protest : गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को पत्र लिखा। उन्होंने मांग की कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों और बच्चों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाए। वांगचुक ने कहा कि अगर सरकार इस संबंध में भरोसा दिलाती है तो वह अपना अनशन खत्म कर सकते हैं।

आसपास किसी स्थान पर बैठक करे

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सरकार की ओर से बातचीत के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि संगठन बातचीत के लिए किसी नेता के घर या कार्यालय नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार बातचीत करना चाहती है तो वह जंतर-मंतर या उसके आसपास किसी स्थान पर बैठक करे।

दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन किए बंद

CJP के प्रदर्शन को बुधवार को 33 दिन पूरे हो गए। सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर मौजूद रहे। सुरक्षा कारणों को देखते हुए दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए। प्रदर्शन के बीच दिल्ली हाईकोर्ट में छात्रों के साथ कथित मारपीट के मामले पर सुनवाई हुई। दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि घटना से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जाएं।

गलत व्यवहार और निजी अंगों पर हमला

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकीलों और दिल्ली पुलिस व केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) एस. राजू के बीच बहस हुई। याचिकाकर्ताओं की ओर से आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ गलत व्यवहार किया गया, निजी अंगों पर हमला किया गया, कील लगे डंडों का इस्तेमाल हुआ और कई पुलिसकर्मियों के पास पहचान बैज नहीं थे। वकीलों ने दावा किया कि उनके पास इन आरोपों से जुड़े करीब 110 वीडियो मौजूद हैं।

याचिकाओं का उद्देश्य प्रचार हासिल करना

वहीं, ASG एस. राजू ने इन आरोपों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई थी, पुलिसकर्मी घायल हुए थे और याचिकाओं का उद्देश्य प्रचार हासिल करना बताया। इस पर दिल्ली हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली बेंच ने सवाल किया कि किसी याचिका को सिर्फ प्रचार के लिए दायर किया गया कैसे कहा जा सकता है।

RAF के जवान पर हमले को लेकर FIR

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने CJP प्रदर्शन के दौरान RAF के एक जवान पर हमले को लेकर FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी RAF जवान के साथ मारपीट करते, वाहन पर पथराव करते और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं।

2000 जवानों को दिल्ली लाया गया

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली भेजने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद करीब 2000 जवानों को कोलकाता से एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया।

वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील

इस बीच अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को उनकी जरूरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन का शांतिपूर्ण प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।

ABVP ने प्रदर्शन के दौरान हिंसा की निंदा की

दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा की निंदा की। ABVP ने आरोप लगाया कि कुछ गलत राजनीतिक मंशा वाले लोगों और असामाजिक तत्वों ने छात्रों के मुद्दे से जुड़े आंदोलन को प्रभावित करने की कोशिश की।

विश्वसनीयता, पारदर्शिता और जवाबदेही

ABVP ने केंद्र सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता की समीक्षा करने की मांग की। संगठन ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाने का सुझाव दिया, जो तय समय सीमा में अपनी सिफारिशें दे। ABVP के अनुसार, समिति को परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए जरूरी कदम सुझाने चाहिए।

अनशन खत्म करने पर कर सकते हैं विचार

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक ने एक बार फिर सरकार से छात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार भरोसा देती है तो वह अनशन खत्म करने पर विचार कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी का NEET मुद्दे पर केंद्र पर हमला, PC में बोले- छात्रों की आवाज दबाई जा रही, 10 साल में 152 पेपर लीक

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button