विदेश

पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, डीजल के दाम में 31 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी, बड़ी वजह आई सामने

Petrol-Diesel Price Hike : पेट्रोल-डीजल के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। जिसने लोगों की समस्या और बढ़ा दी है। बढ़े दामों के मुताबिक आम जनता को अब जेब और ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। बता दें कि नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

पाकिस्तान में आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी है। सरकार के फैसले के बाद पेट्रोल के दाम में 5.44 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 31.05 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत बढ़कर करीब 316 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 354.35 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

ईरान-अमेरिका तनाव से बढ़ा तेल संकट

पाकिस्तान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और ईरान-अमेरिका तनाव के कारण बढ़ रहे दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया है। मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ी है, जिसका असर पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों पर भी पड़ा है।

पहले रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थीं कीमतें

ईरान-अमेरिका और इजराइल से जुड़े तनाव के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल के दामों में तेजी से बढ़ोतरी हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, अप्रैल में डीजल की कीमत करीब 520 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी, जबकि पेट्रोल की कीमत भी 458 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में कुछ गिरावट आई, लेकिन अब सरकार ने फिर से दाम बढ़ा दिए हैं।

अब रोज तय होंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार बदलाव को देखते हुए अब ईंधन की कीमतें रोजाना तय की जाएंगी। पहले सरकार हर सप्ताह पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा करती थी, लेकिन अब ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) रोजाना अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से नई कीमतें तय करेगी।

OGRA बताएगा कीमत बढ़ने की वजह

पाकिस्तान सरकार के मुताबिक, OGRA सिर्फ नई कीमतें जारी नहीं करेगा, बल्कि यह भी जानकारी देगा कि पेट्रोल पंपों पर लागू कीमत किन अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कारणों के आधार पर तय की गई है। सरकार ने तेल आपूर्ति में संभावित परेशानी को देखते हुए पहले ईंधन बचाने के उपाय भी लागू किए थे। इसके अलावा लोगों को राहत देने के लिए कुछ योजनाओं की घोषणा भी की गई थी।

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का असर पाकिस्तान में परिवहन, व्यापार और आम लोगों के घरेलू खर्चों पर पड़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में 78 बच्चों समेत 120 लोग HIV पॉजिटिव, 6 की मौत, अस्पताल में लापरवाही की खुली पोल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button