CJP Protest : केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच 25 जुलाई को होने वाली अहम बैठक से पहले संगठन ने अपना रुख और सख्त कर लिया है. CJP ने साफ कहा है कि अगर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो इस तरह की बैठकों का कोई मतलब नहीं रह जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जा सकता है.
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार का रुख नहीं बदला तो संगठन अपनी अगली रणनीति पर आगे बढ़ेगा, उन्होंने बताया कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए सरकार को पहले ही एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा जा चुका है, जिसमें कई महत्वपूर्ण सुझाव शामिल हैं.
कई पहलुओं की अभी जांच की जानी बाकी
एनटीए से जुड़े 47 अधिकारियों की बर्खास्तगी के मुद्दे पर भी संगठन ने प्रतिक्रिया दी है. CJP का कहना है कि इस मामले के कई पहलुओं की अभी जांच की जानी बाकी है. संगठन के मुताबिक, प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों की अंतिम जवाबदेही केंद्रीय शिक्षा मंत्री की होती है, इसलिए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर वह पीछे नहीं हटेगा.
बीते शुक्रवार को विठ्ठलभाई पटेल हाउस में केंद्र सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई. सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह शामिल हुए. वहीं, CJP की ओर से राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास और एक युवा प्रतिनिधि ने हिस्सा लिया.
सरकार आंतरिक चर्चा के बाद अपना पक्ष रखेगी
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि संगठन ने अपनी तीन प्रमुख मांगें और परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े पांच सुझाव सरकार के सामने रखे हैं. सरकार इन मांगों पर आंतरिक चर्चा के बाद अपना पक्ष रखेगी.
वहीं, CJP ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर उसका प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते. इसके अलावा संगठन ने कथित NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की भी मांग की है.
ये भी पढ़ें- पंजाब में 10 लाख नए राशन कार्ड का ऐलान, 22 जुलाई से शुरू आवेदन, परिवारों के लिए बड़ी राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






