Delhi NCR

4 दिन बाद दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर से खुले, यात्रियों ने ली राहत की सांस

Delhi Metro News : दिल्ली में हालिया प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद किए गए दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन अब पूरी तरह से खोल दिए गए हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने रविवार को बताया कि मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी गई हैं.

मध्य दिल्ली के 18 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पिछले चार दिनों से सुरक्षा प्रतिबंध लागू थे. इनमें राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और सेवा तीर्थ स्टेशन शामिल थे.

यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी

इन स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनों का संचालन जारी रहा, लेकिन यात्रियों को स्टेशन के भीतर प्रवेश करने और बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी. केवल इंटरचेंज स्टेशनों पर लाइन बदलने की सुविधा उपलब्ध थी. इसके कारण रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोगों को बस, ऑटो और टैक्सी का सहारा लेना पड़ा, जबकि सड़कों पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया.

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शनिवार को जानकारी साझा करते हुए बताया था कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं. इसके साथ ही मेट्रो सेवाएं अब पूरी तरह सामान्य हो गई हैं.

व्यस्त स्टेशनों पर लौटी रौनक

स्टेशन खुलने के बाद राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस और नई दिल्ली जैसे व्यस्त स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है. टिकट काउंटर और एएफसी गेट भी सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं.

सुरक्षा प्रतिबंध हटने के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और लाखों यात्री पहले की तरह बिना अतिरिक्त परेशानी के मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे.

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button