Uttar Pradeshराज्य

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सीएम योगी का संदेश, बोले- शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति आपका योगदान प्रेरणादायी

Yogi Adityanath : नीट पेपर परीक्षा लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे गए अपने इस्तीफे के पत्र में उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों की घटनाओं से उनका मन दुखी है और वह देश की युवाशक्ति को भ्रम के कुचक्र में फंसने नहीं देंगे.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके काम और नेतृत्व की सराहना करते हुए एक विस्तृत संदेश साझा किया है.

शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “शिक्षा राष्ट्र के चरित्र का निर्माण करती है, उसकी चेतना को संस्कारित करती है और उसके भविष्य की दिशा निर्धारित करती है. धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में इसी ‘राष्ट्रदृष्टि’ को अपने कार्य का आधार बनाया.”

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक धर्मेंद्र प्रधान का निरंतर प्रयास रहा कि देश का प्रत्येक युवा अवसरों से जुड़े, अपनी प्रतिभा को पहचान सके, अपनी जड़ों पर गर्व करे और ‘विकसित भारत’ के संकल्प का सक्रिय भागीदार बने.

शिक्षा व्यवस्था में नए विमर्शों का हुआ विस्तार

मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में शिक्षा को नवाचार, कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा, अनुसंधान और वैश्विक प्रतिस्पर्धा से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए. उनके कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में नए विमर्शों, नई संभावनाओं और नए आत्मविश्वास का संचार हुआ.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन राष्ट्रहित में किया गया समर्पित कार्य समय के साथ और अधिक प्रेरणादायी बन जाता है.

आगामी यात्रा के लिए दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और अथक प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया.

उन्होंने लिखा, “पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में आपकी ऊर्जा, अनुभव और कर्मनिष्ठा आगे भी ‘विकसित भारत’ की विकास यात्रा को नई दिशा और नई गति प्रदान करती रहेगी. सार्वजनिक जीवन की आगामी यात्रा के लिए अनंत शुभकामनाएं.”

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button