राष्ट्रीय

कारगिल विजय दिवस पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने वीर जवानों को किया नमन

Kargil Vijay Diwas : हर साल 26 जुलाई को मनाया जाने वाला कारगिल विजय दिवस साल 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक जीत और वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के शूरवीरों को नमन करते हुए उनके साहस, समर्पण और बलिदान को याद किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कारगिल विजय दिवस पर पूरा देश भारत की सुरक्षा के लिए बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करता है, उन्होंने कहा कि बेहद कठिन परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों का अदम्य साहस राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा.

वीर सपूतों के बलिदान को देश का नमन

पीएम मोदी ने कहा कि सैनिकों की अटूट देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी.

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अद्भुत पराक्रम का प्रतीक है, उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में हिमालय की दुर्गम और बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों तथा दुश्मन के ऊंचाई पर स्थित मोर्चों के बावजूद भारतीय जवानों ने ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था. अमित शाह ने कहा कि इस अवसर पर वह उन सभी वीर सपूतों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया.

राजनाथ सिंह ने सैनिकों के बलिदान को किया याद

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को शत-शत नमन, उन्होंने कहा कि कारगिल की दुर्गम चोटियों पर असाधारण पराक्रम का परिचय देने वाले वीर सैनिकों के प्रति देशवासी सदैव कृतज्ञ और ऋणी रहेंगे, उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का अदम्य साहस, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के लिए सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देता रहेगा.

रक्षा आधुनिकीकरण पर सरकार का जोर

राजनाथ सिंह ने बताया कि वह द्रास में कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘शौर्य संध्या’ कार्यक्रम में शामिल हुए, उन्होंने कहा कि कारगिल विजय हमें गर्व का एहसास कराती है, लेकिन देश के सामने मौजूद चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं.

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय रक्षा बल किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सैनिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और रक्षा आधुनिकीकरण पर लगातार जोर दिया जा रहा है, ताकि सेना को विश्वस्तरीय हथियार और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके.

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button