Siwan Violence : देशभर में पेपर लीक को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन बिहार के सिवान में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई फायरिंग को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर कथित तौर पर AK-47 से गोली चलाने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया है.
जानकारी के मुताबिक, सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाले जवान की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में हुई है. अभिषेक विशेष जांच दल (SIT) में तैनात था. आरोप है कि उसने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सीधी फायरिंग की थी. मामले के तूल पकड़ने के बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया है.
फायरिंग में 3 छात्र हुए घायल
सिवान में हुई फायरिंग में तीन छात्र घायल हुए थे. घायलों का इलाज पटना के मेदांता अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद छात्र संगठनों और विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं.
सिवान हिंसा मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. इन एफआईआर में 100 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने करीब 25 लोगों का सदर अस्पताल, सिवान में मेडिकल कराने के बाद उन्हें जेल भेज दिया है. मामले में पुलिस की छापेमारी अभी भी जारी है.
हिंसा में 30 पुलिसकर्मी भी हुए घायल
पुलिस के अनुसार, सिवान हिंसा के दौरान एसपी पूरण कुमार झा और नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार समेत कुल 30 पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे.
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि गिरफ्तार छात्रों और तेज प्रताप को रिहा नहीं किया गया तथा उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो पूरे बिहार में आंदोलन किया जाएगा, उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
राहुल गांधी ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम जानलेवा बन गया है, उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं और सैकड़ों छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से पूछा कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के वादे का क्या हुआ और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








