विदेश

नेपाल के सुनसारी में सांप्रदायिक हिंसा भड़की, एक की मौत के बाद अगले आदेश तक पाबंदियां लागू

Nepal Violence : भारत से सटे नेपाल के सुनसारी जिले में सांप्रदायिक झड़प का मामला सामने आया है. दो धार्मिक समुदायों के बीच कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई. वहीं, सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके के कई हिस्सों में अनिश्चितकालीन पाबंदियां लागू कर दी हैं.

जानकारी के मुताबिक, सुनसारी जिले के देवगंज ग्रामीण नगर पालिका के कप्तानगंज इलाके में रविवार रात दो धार्मिक समुदाय अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे. इसी दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया.

सुरक्षा बलों की गोलीबारी में युवक की मौत

पुलिस के अनुसार, हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा. स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा बलों ने गोली चलाई, जिसमें 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. झड़प के दौरान सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. घायलों का उपचार कराया जा रहा है. प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इलाके में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं.

पांच बाजार क्षेत्रों में लागू हुईं पाबंदियां

सुनसारी जिला प्रशासन कार्यालय ने सोमवार सुबह 7 बजे से जिले के पांच बाजार क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन पाबंदियां लागू कर दी हैं. ये प्रतिबंध अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे. प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रभावित इलाकों में चार से अधिक लोगों के एकत्र होने, प्रदर्शन करने, सार्वजनिक बैठकें आयोजित करने और धरना देने पर रोक लगा दी गई है. आदेश का उल्लंघन करने वालों पर 500 नेपाली रुपये का जुर्माना, एक महीने तक की जेल या दोनों सजा दी जा सकती है.

दक्षिण-पूर्वी नेपाल का सुनसारी जिला भारत के बिहार राज्य से सटा हुआ है. यह इलाका भारत और नेपाल के बीच महत्वपूर्ण ट्रांजिट और वाणिज्यिक कॉरिडोर के रूप में भी जाना जाता है. हिंसा के बाद सुरक्षा बलों को इलाके में तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button