Delhi NCRराजनीतिराष्ट्रीय

जंतर मंतर के प्रदर्शन से घर लौट रहे दो बच्चों के साथ मारपीट करने वाले सत्यम पंडित को गिरफ्तार करे पुलिस- सौरभ भारद्वाज

Jantar Mantar Protest : आम आदमी पार्टी ने जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन से घर लौट रहे दो नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट करने वाले सत्यम पंडित के खिलाफ संसद मार्ग थाने में लिखित शिकायत दी है। मंगलवार को ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने विधायक कुलदीप कुमार के साथ नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा को यह शिकायत सौंपते हुए गुंडे सत्यम पंडित को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।

हम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे

उन्होंने कहा कि अभी तक पुलिस लिखित शिकायत नहीं होने का बहाना बना रही थी, लेकिन अब उसके पास कोई बहाना नहीं है। सत्यम पंडित ने दोनों बच्चों को भद्दी गालियां देने के साथ ही धर्म के नाम पर हिंसा भड़काने की भी कोशिश की थी। डीसीपी ने कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। अगर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो हम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

धर्म के नाम पर नफरत व हिंसा

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सोशल मीडिया पर दो-तीन दिन पुरानी एक वीडियो वायरल हो रही है जिसमें सत्यम पंडित नाम का एक गुंडा अपने साथ पांच लोगों को गाड़ी में लेकर घूम रहा था। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से लौट रहे उत्तर प्रदेश के बरेली के दो नाबालिग बच्चों को उसने रोका, जिनमें से एक की उम्र 16 साल है। सत्यम पंडित ने उन बच्चों को भद्दी गालियां दीं, उनके साथ मारपीट की और धर्म के नाम पर नफरत व हिंसा भड़काने की कोशिश की। पीड़ित लड़कों ने यह भी बताया है कि उन लोगों के पास शायद हथियार भी मौजूद थे।

पुलिस या खुद ले सकती है संज्ञान

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि इतने दिनों तक वीडियो सोशल मीडिया पर घूमने के बावजूद दिल्ली पुलिस मीडिया में यह बयान दे रही थी कि उन्हें अभी तक कोई कंप्लेंट नहीं मिली है। ऐसे मामलों में कंप्लेंट की जरूरत नहीं होती है, पुलिस खुद या अदालतें खुद संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज कर सकती हैं।

डीसीपी ने दिया कानूनी कार्रवाई का भरोसा

आज हमने नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा से मिलकर औपचारिक कंप्लेंट दे दी है, जिसमें दोनों लड़कों और आरोपी का नाम भी बता दिया गया है। डीसीपी ने कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है और हमें उम्मीद है कि पुलिस आज ही उस गुंडे को गिरफ्तार करेगी। अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो हम कोर्ट का रास्ता अपनाएंगे।

सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर पुलिस और सुप्रीम कोर्ट जैसे संस्थान आम लोगों के हकों की रक्षा के लिए आगे आते रहेंगे तो लोगों को सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर ये संस्थान चुप हो जाएंगे तो नौजवानों के पास सड़क पर उतरने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं रह जाएगा।

इस खबर को दबाया और छिपाया गया

20 जुलाई के प्रोटेस्ट में पैलेट गन का इस्तेमाल होने पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस मामले में दो चीजों की जांच होनी चाहिए। पहला यह कि पैलेट गन से फायरिंग के ऑर्डर किस अफसर ने दिए थे, उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। दूसरा यह कि 20 जुलाई से लेकर आज तक, इन आठ दिनों तक किसके कहने पर इस खबर को दबाया और छिपाया गया? जिसको पैलेट गन लगी थी वह पहले ही दिन एम्स में चला गया था और यह सरकार के रिकॉर्ड में आ गया था। इसलिए इसकी भी जांच होनी चाहिए कि इस बात को इतने दिनों तक क्यों रोका गया?

हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लड़ाने का काम

इस दौरान, कोंडली से ‘‘आप’’ विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि हम आरएसएस और भाजपा की विचारधारा से जुड़े गुंडे सत्यम पंडित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आए थे। सत्यम पंडित ने दो नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट की और उन्हें प्रताड़ित किया। हमने डीसीपी सचिन शर्मा से कहा है कि आरोपी पर तुरंत कार्रवाई की जाए। पुलिस बार-बार यह कह रही थी कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। इसलिए आज “आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आधिकारिक शिकायत दे दी है। अब इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि ये भाजपा और आरएसएस के गुंडे हैं जो देश में हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को लड़ाने का काम करते हैं।

ये भी पढ़ें- PoK में भड़की हिंसा, प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग में 19 लोगों की मौत का दावा, कई इलाकों में भारी तनाव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button