Monsoon 2026 : देश के कई हिस्सों में मानसून की भारी बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। सरोल मोहल्ले समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी के साथ आए पत्थर और मलबे ने घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचाया। कई मकानों की पहली मंजिल तक मलबा भर गया।
केदारनाथ नेशनल हाईवे पर मलबा
वहीं, उत्तराखंड में भी बारिश के कारण मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार सुबह चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। रुद्रप्रयाग में कुंड-काकड़ा के बीच केदारनाथ नेशनल हाईवे पर मलबा आने से आवाजाही बंद हो गई। इसके अलावा सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे भी प्रभावित है। हालात को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए रोक दिया गया है।
राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हरियाणा की रहने वाली थी मृतका
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में भी बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हुआ। मंगलवार सुबह एक PhD स्कॉलर युवती की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती गर्ल्स हॉस्टल से अपने विभाग की ओर जा रही थी, तभी वह कच्चे रास्ते पर गिर गई। आसपास मौजूद छात्रों ने उसे उठाने की कोशिश की और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका हरियाणा की रहने वाली थी और यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुरुआती जांच में मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है, हालांकि मामले की जांच जारी है।
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में भी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हुआ। रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 11 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
सामान्य डिप्रेशन की तुलना में हवा की गति
मौसम विभाग की सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार, पश्चिम बंगाल से लेकर उत्तराखंड तक करीब 1500 किलोमीटर के क्षेत्र में बादलों का जमावड़ा बना हुआ है। इसकी मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, डीप डिप्रेशन समुद्र के ऊपर बनने वाला मजबूत कम दबाव वाला सिस्टम होता है, जिसमें सामान्य डिप्रेशन की तुलना में हवा की गति अधिक होती है और इससे भारी बारिश की संभावना बढ़ जाती है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने मानसून ट्रफ के प्रभाव के चलते दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- जापान में कुदरत का कहर, 7.1 भूकंप की तीव्रता से कांपी धरती, JMA ने जारी की एडवाइजरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








