UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले समय में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की जा सकती है.
मौसम विभाग ने ललितपुर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, झांसी, महोबा, हमीरपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी व्यक्त की गई है.
वहीं, प्रदेश के 42 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें बांदा, चित्रकूट, कानपुर नगर, कानपुर देहात, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, झांसी और ललितपुर सहित कई जिले शामिल हैं. लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग की अहम सलाह
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं. रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है और दोपहर तथा शाम के समय बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है.
लगातार बारिश को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने, किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करने और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. गरज-चमक के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









