Delhi Weather Today : दिल्ली-NCR में बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है, हालांकि दिन के समय उमस लोगों को परेशान कर रही है. बुधवार को राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई. अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार, 30 जुलाई के लिए मौसम का नया पूर्वानुमान जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है. रात के समय भी हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
तापमान और नमी का क्या रहेगा हाल?
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है. इस दौरान हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 प्रतिशत और न्यूनतम स्तर 67 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया.
पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई. दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं.
अगले कुछ दिनों के लिए क्या है पूर्वानुमान?
IMD के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. 31 जुलाई से 2 अगस्त तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 3 अगस्त को सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बारिश और बादलों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









