वायरलशिक्षा

अमेरिका में नौकरी नहीं मिली तो भारत लौटे सॉफ्टवेयर इंजीनियर, बोले- संघर्ष ने बहुत कुछ सिखाया

US Job Market Crisis : बेंगलुरु के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अमेरिका के जॉब मार्केट को लेकर अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक आवेदन करने, कोडिंग टेस्ट देने और कई इंटरव्यू प्रक्रिया से गुजरने के बाद भी उन्हें अमेरिका में नौकरी नहीं मिल सकी, जिसके बाद उन्हें भारत वापस लौटना पड़ा।

लिंक्डइन पर अपनी पोस्ट में मोहित आर गौड़ा ने बताया कि अमेरिका में कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद उनका सपना वहीं रहकर अपना करियर शुरू करने का था। लेकिन नौकरी की तलाश का सफर उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।

लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी

मोहित ने लिखा कि कई अंतरराष्ट्रीय छात्रों की तरह उन्हें भी भरोसा था कि वर्षों की मेहनत, देर रात तक पढ़ाई और लगातार प्रयासों के बाद उन्हें बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने सैकड़ों नौकरियों के लिए आवेदन किया, इंटरव्यू की तैयारी की और कई कोडिंग असेसमेंट पूरे किए, लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी।

शुरुआती योजना का हिस्सा नहीं था लौटना

उन्होंने कहा कि पूरी कोशिश करने के बावजूद वह अमेरिका में नौकरी हासिल नहीं कर पाए और आखिरकार उन्हें भारत लौटने का फैसला लेना पड़ा। उनके मुताबिक, बेंगलुरु वापस आना उनकी शुरुआती योजना का हिस्सा नहीं था। यह फैसला उनके लिए भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण रहा।

मोहित ने नौकरी तलाशने के दौरान आर्थिक परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक अवसर तलाशते रहने के कारण उनकी बचत धीरे-धीरे खत्म होती गई और यह दौर उनके जीवन के सबसे कठिन अनुभवों में से एक रहा।

डेटा साइंस और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्र

हालांकि, उन्होंने कहा कि इन मुश्किलों के बावजूद वह निराश नहीं हैं और अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए नए अवसर तलाश रहे हैं। वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, जनरेटिव एआई, डेटा साइंस और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने की इच्छा रखते हैं।

प्रोफाइल साझा करें या रेफरेंस देने में मदद करें

मोहित ने अपनी पोस्ट के जरिए लोगों से नौकरी के अवसरों में मदद करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अगर किसी कंपनी में भर्ती चल रही है या किसी को उपयुक्त अवसर की जानकारी है तो वह उनकी प्रोफाइल साझा करें या रेफरेंस देने में मदद करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मुश्किल दौर उनके भविष्य को परिभाषित नहीं करेगा।

बेहतर करियर अवसरों पर ध्यान देने की बात

उन्होंने अपने साथ खड़े लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह अपने करियर के अगले अध्याय के लिए तैयार हैं और उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें नया अवसर मिलेगा। बता दें कि इससे पहले अमेरिका में रह रही एक भारतीय महिला की सलाह भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थी, जिसमें उन्होंने विदेश में केवल किसी भी नौकरी से संतुष्ट रहने के बजाय बेहतर करियर अवसरों पर ध्यान देने की बात कही थी।

डिस्क्लेमर : इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। हिंदी ख़बर किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें- Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button