वायरल

शादी की दावत में मटन की जगह चिकन परोसने पर भिड़े बाराती-घराती, 12 घायल

Bihar News : बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में एक शादी समारोह के दौरान दावत को लेकर विवाद हो गया. मटन की जगह चिकन परोसे जाने का आरोप लगाते हुए बाराती और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. इस घटना में करीब 12 लोग घायल हो गए. मामले से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ लोग लाठी-डंडों से हमला करते और तलवार लहराते नजर आ रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अनवर के बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे मोहम्मद जावेद उर्फ मोटो की बेटी के साथ हुआ. निकाह की रस्म शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई और दोनों परिवार समारोह में शामिल हुए.

लाठी-डंडे चले, कई लोग घायल

बताया गया कि निकाह के बाद जब बाराती भोजन करने बैठे तो दूल्हे पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी से पहले दावत में मटन परोसने की बात कही गई थी, लेकिन भोजन में चिकन परोसा गया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर विवाद बढ़ गया.

विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. इस दौरान लाठी-डंडे चले और कुछ लोगों ने तलवार भी लहराई. मारपीट में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. दोनों पक्षों को शांत कराया गया तथा इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई.

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वायरल वीडियो की भी जांच होगी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button