IMD Weather Update : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार (29 जून) को दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय रहेगा. पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी, मध्य और पश्चिमी तटीय राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. उत्तर-पश्चिम भारत में भी मानसून की गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है.
IMD के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तराखंड के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
गरज-चमक और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून सबसे अधिक प्रभावी रहने की संभावना है. बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है.
तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
दक्षिण और पश्चिम भारत की बात करें तो गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलग-अलग इलाकों में बारिश होने का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. वहीं केरल, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- फ्रांस में भीषण गर्मी का कहर, हीटवेव से 1000 से ज्यादा लोगों की मौत, 16 देशों में रिकॉर्डतोड़ गर्मी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








