Varanasi News : वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई. घटना मंदिर के नंदू फरिया एंट्री पॉइंट के सामने हुई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दुकानदारों की मौजूदगी रहती है. इस घटना में एक ही दुकान पर काम करने वाले तीन लोग घायल हो गए. सभी को तुरंत मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पीएसी का जवान कार्बाइन लेकर आगे बढ़ता है और तभी अचानक गोली चल जाती है. पुलिस के मुताबिक, गोली जमीन पर लगी, जिसके बाद उसके छर्रे पास में मौजूद तीन लोगों को लगे.
कार्बाइन से एक्सीडेंटल फायर
पुलिस ने बताया कि गोली चलने वाले पीएसी जवान का नाम अमरनाथ चौहान है, जो 48वीं बटालियन में तैनात है. प्रारंभिक जांच के अनुसार, भीड़ को हटाने के दौरान कार्बाइन से एक्सीडेंटल फायर हुआ. घटना के बाद डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर शिवहरि मीणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से भी मुलाकात की.
तीनों घायल खतरे से बाहर
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि जवान के हाथ से कार्बाइन छूटने के कारण दो राउंड फायर हुए, जिनकी गोलियां जमीन पर लगीं. इसके बाद रिकोशेट होकर छर्रे फूल-माला की दुकान पर काम करने वाले तीन लोगों को लगे. एक व्यक्ति के हाथ, दूसरे की कमर और तीसरे की टांग में चोट आई है. पुलिस का कहना है कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









