Etah News : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दिल्ली आ रही यूपी रोडवेज की एक बस हाईवे पर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
बताया जा रहा है कि बस के खराब होने के बाद कुछ यात्री उसके अंदर बैठे हुए थे, जबकि कई यात्री सड़क किनारे टहल रहे थे. तभी तेज गति से आए कंटेनर ने बस को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई. इस दौरान बाहर मौजूद कई यात्री बस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.
इलाज के दौरान एक और घायल की मौत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में घायल 12 लोगों का इलाज चल रहा है.
चार लोगों को मृत घोषित किया गया
इस मामले में पुलिस ने बताया कि 2 जुलाई 2026 को थाना बागवाला क्षेत्र में रोडवेज बस को कैंटर द्वारा टक्कर मारने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया. चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित किया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








