Uttar Pradeshमौसमराज्य

UP में आज झमाझम बारिश का अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने शनिवार (4 जुलाई) के लिए पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. पश्चिमी क्षेत्र के कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

बीते कुछ घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 99.8 मिमी बारिश कानपुर में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा मेरठ में 86 मिमी, बदायूं में 85 मिमी, चित्रकूट और संभल में 62-62 मिमी, बांदा में 50 मिमी, लखीमपुर खीरी में 49.2 मिमी और कासगंज में 46 मिमी वर्षा दर्ज की गई. वहीं, बुंदेलखंड और तराई क्षेत्र के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है.

लखनऊ में भी बारिश की संभावना

हम बात करें राजधानी लखनऊ की तो लखनऊ में भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मेघगर्जन और बारिश होने की संभावना है. शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिली है और तापमान में पहले की तुलना में गिरावट दर्ज की गई है.

तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के सक्रिय होने से प्रदेश के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है. इससे गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है. इससे पहले प्रदेश का सबसे अधिक 40 डिग्री सेल्सियस तापमान फतेहगढ़ में दर्ज किया गया था, जबकि सबसे कम 23.5 डिग्री सेल्सियस तापमान हरदोई में रिकॉर्ड किया गया.

5 जुलाई से फिर तेज बारिश के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार के दौरान मानसून का असर मुख्य रूप से बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में अधिक रहेगा. इसके बाद 5 जुलाई से पूरे उत्तर प्रदेश में एक बार फिर व्यापक और तेज बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button