
Ghaziabad Murder Case : गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके की न्यू शांति नगर कॉलोनी में बुधवार रात जन्मदिन की पार्टी के बहाने मोहित को बुलाया गया और बाद में चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी गई। 22 वर्षीय मोहित के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मोहित के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जल निगम मार्ग पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। जांच के दौरान संदिग्धों के घरों के अंदर और बाहर खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस की पूछताछ में न्याय, देव, हरी और गौरव पंडित समेत कुल छह आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
मोहित के भाई मनीष के मुताबिक, बुधवार रात मोहित को जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। पार्टी के दौरान ही आरोपियों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मोहित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का सड़क पर प्रदर्शन
मोहित के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जल निगम मार्ग पर यातायात रोककर प्रदर्शन किया। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए प्रशासन ने मौके पर आवश्यक इंतजाम किए।
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








