Ketan Murder Case : पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. अब पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सिया गोयल ने वारदात से पहले इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जानकारी इंटरनेट पर विस्तार से खोजी थी. पुलिस के अनुसार, सिया की सर्च हिस्ट्री से पता चला कि उसने इस केस से जुड़ी कई छोटी-छोटी जानकारियां पढ़ी थीं. इतना ही नहीं, उसने यह भी सर्च किया था कि अगर किसी महिला को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया जाए तो पुलिस कस्टडी के दौरान उसके साथ कैसा व्यवहार होता है.
जांच के दौरान पुलिस दो दिन पहले सिया को उसके घर भी लेकर गई, जहां उसके बेडरूम से एक दूसरा मोबाइल फोन बरामद किया गया. वहीं, घटना वाले दिन मौजूद कुछ चश्मदीदों की भी पहचान कर ली गई है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
गिरफ्तारी तक सामान्य रही सिया
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को वारदात के बाद 19 जून को सिया केतन के घर पहुंची थी. उसने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा था कि केतन उन्हें ऊपर से देख रहा है और हिम्मत बनाए रखें. जांच में यह भी सामने आया कि 23 जून को गिरफ्तारी से पहले तक सिया सामान्य जीवन जीती रही.
कोड वर्ड में होती थी सिया-चेतन की बातचीत
पुलिस का दावा है कि दूसरे आरोपी चेतन चौधरी एक ही मोबाइल में दो नंबर इस्तेमाल कर सिया से कोड वर्ड में बातचीत करता था. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने पहले से पूरी योजना बनाई थी. आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर सिया ने चेतन को इशारा किया, जिसके बाद केतन को पीछे से धक्का देकर 400 फीट गहरी खाई में गिरा दिया गया. इसके बाद दोनों ने फोन और चैट से जुड़े सबूत मिटाने की भी कोशिश की. आपको बता दें कि पुलिस इस मामले की हर कड़ी को जोड़कर आगे की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









