US-Iran Tensions : अमेरिका-ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए दावा किया कि यदि उनकी हत्या या हत्या की कोशिश की गई तो अमेरिका तत्काल सैन्य कार्रवाई करेगा, उन्होंने कहा कि ईरान की ओर 1000 मिसाइलें पहले से ही निशाना साधे तैयार हैं.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि यदि ईरानी सरकार दुनिया के किसी भी हिस्से से उनकी हत्या की साजिश रचती है या ऐसी कोशिश करती है, तो अमेरिका तुरंत जवाब देगा. उनका दावा है कि 1000 मिसाइलें पहले से ही ईरान की ओर तैनात हैं और जरूरत पड़ने पर हजारों अन्य मिसाइलें भी तुरंत तैनात की जा सकती हैं.
सेना को पहले ही दिए जा चुके हैं आदेश
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं. उनके मुताबिक, जरूरत पड़ने पर अमेरिका एक साल तक और आवश्यकता होने पर उससे भी अधिक समय तक ईरान के किसी भी हिस्से में कार्रवाई करने की क्षमता रखता है.
इससे पहले ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने अमेरिका को सख्त संदेश दिया था, उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका पिछले महीने हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) से पीछे हटता है, तो ईरान अपनी रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है.
देश की रक्षा की तैयारी कभी नहीं रोकी
इंडोनेशिया की पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली के स्पीकर अहमद मुजानी से मुलाकात के बाद अपने आधिकारिक टेलीग्राम पोस्ट में गालिबाफ ने कहा कि हालिया शांति वार्ता के दौरान उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से साफ कह दिया था कि ईरान को अमेरिका पर “जरा भी भरोसा नहीं” है.
उन्होंने कहा, “मैंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति से स्पष्ट कहा कि हमें आप पर बिल्कुल भरोसा नहीं है. मेरी राय में वही देश अमेरिका से बातचीत कर सकता है, जो युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार हो. हमने अपने देश की रक्षा की तैयारी कभी नहीं रोकी. यदि अमेरिका किसी भी समझौते से पीछे हटता है, तो हम पूरी ताकत से अपनी रक्षा करेंगे और ईरानी जनता के अधिकारों की सुरक्षा करेंगे.”
ट्रंप बोले- सीजफायर अब खत्म हो चुका है
इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक अन्य पोस्ट में कहा था कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है और अमेरिका इसके लिए तैयार है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने ईरान को स्पष्ट कर दिया है कि दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर अब समाप्त हो चुका है.
ट्रंप ने लिखा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने हमसे बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है. हमने इसके लिए सहमति दी है, लेकिन उन्हें साफ बता दिया है कि सीजफायर अब खत्म हो चुका है.”
ये भी पढ़ें- Farmers ID Card बनेगा किसानों की पहचान, मिलेंगे भरपूर लाभ, बार-बार रजिस्ट्रेशन का झंझट खत्म, ऐसे करें अप्लाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









