Tamil Nadu News : करूर में साल 2025 में हुई भगदड़ की घटना को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने गहरा दुख जताया. शुक्रवार (10 जुलाई) को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस हादसे ने पूरे राज्य को गहरे सदमे में डाल दिया और कई परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस पर भरोसा किया, लेकिन बाद में उन्हीं पर आरोप लगा दिए गए.
करूर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने कहा, “हमने अपनी बहनों के बच्चों को इस करूर भगदड़ में खो दिया. यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती.” उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
पहले जानकारी मिलती तो हादसा टल सकता था
मुख्यमंत्री विजय ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पेरंबलूर पुलिस ने कार्यक्रम से पहले बढ़ती भीड़ को लेकर उन्हें आगाह किया था, लेकिन करूर पुलिस ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी.
उन्होंने कहा, “वे खुद हमें कार्यक्रम स्थल तक लेकर गए और मैंने उन पर भरोसा किया. अगर समय रहते स्थिति की जानकारी दे दी गई होती, तो हालात अलग हो सकते थे.”
विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि इस दुखद घटना पर राजनीति करना उचित नहीं है. उन्होंने आरोप-प्रत्यारोप को “ड्रामा” बताते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाने और भविष्य में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए.
उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल “पार्टी फंड” के नाम पर भ्रष्टाचार करते हैं.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









