Delhi-NCR Rain : दिल्ली-NCR में लगातार हो रही झमाझम बारिश के बीच लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. भारी बारिश के कारण दिल्ली-NCR के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है.
इस बीच नोएडा के सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. बिल्डिंग का हिस्सा गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ऊंचाई से गिरा मलबा नीचे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर जा गिरा, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.
यह घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की बताई जा रही है. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मलबे की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया.
रोहिणी इमारत हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 3 हुई
वहीं, दिल्ली के रोहिणी इलाके में निर्माणाधीन इमारत गिरने के बाद बुधवार रातभर चले बचाव अभियान में मलबे से दो और शव बरामद किए गए. इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है.
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है. हादसे में एक मजदूर घायल हुआ है.
मलबे से मजदूर को जिंदा निकाला गया
बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिरने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया था. पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) शशांक जायसवाल ने बताया कि अभियान के दौरान एक मजदूर को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया.
घायल मजदूर की पहचान सद्दाम उर्फ रवि (32) के रूप में हुई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
तीन मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान तीन शव बरामद किए गए हैं. मृतकों की पहचान स्थानीय दर्जी राम मजदूर काफे उर्फ नुरुल और राम दुआ के रूप में हुई है.
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि राम दुआ इमारत के मालिक के पिता थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, अन्य दो शव लंबे समय तक चले तलाश अभियान के बाद मलबे से बाहर निकाले गए.
बयान के मुताबिक, बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है. हालांकि, मलबा हटाने का काम अभी जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और व्यक्ति फंसा न हो.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









