Uttar Pradeshखेल

145 करोड़ की परियोजना से बदलेगी नोएडा की तस्वीर, खिलाड़ियों को मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं

Noida Sports Development : नोएडा के सेक्टर-123 में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने इच्छुक एजेंसियों को आवेदन करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार कई एजेंसियां परियोजना में रुचि दिखाएंगी, जिसके बाद अगले महीने टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।

71 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक कपिल देव सिंह के अनुसार, खेल परिसर के पहले चरण के निर्माण के लिए करीब 71 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इस चरण में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिसमें सिंथेटिक ट्रैक, जेवलिन थ्रो मैदान, स्विमिंग पूल समेत कई अन्य व्यवस्थाएं शामिल होंगी।

इसके अलावा परिसर में फुटबॉल मैदान, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और मल्टीपर्पज हॉल भी तैयार किया जाएगा। करीब 26.65 एकड़ जमीन पर इस पूरे खेल परिसर को विकसित करने की योजना है।

कुल परियोजना लागत करीब 145 करोड़ रुपये

अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाले इस खेल परिसर की कुल अनुमानित लागत लगभग 145 करोड़ रुपये है। पहले चरण के बाद दूसरे चरण का काम शुरू किया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद परिसर के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी किसी एजेंसी को दी जाएगी।

खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

नोएडा में मौजूदा सेक्टर-21ए स्टेडियम में खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण सुविधाओं पर दबाव रहता है। ऐसे में नया खेल परिसर स्थानीय और उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकता है।

सेक्टर-123 में बनने वाला यह परिसर आसपास के कई इलाकों जैसे सेक्टर-122, पर्थला, सेक्टर-119, सेक्टर-120, सेक्टर-121, सर्फाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए भी फायदेमंद होगा।

इन खेलों की सुविधाएं होंगी उपलब्ध

खेल परिसर में इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इंडोर सुविधाओं में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती और स्क्वाश जैसे खेल शामिल होंगे। वहीं आउटडोर में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, लॉन टेनिस, खो-खो और जेवलिन थ्रो जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके साथ ही एथलेटिक्स से जुड़ी सुविधाओं में लॉन्ग जंप, हाई जंप और 200 मीटर रेस ट्रैक भी विकसित किया जाएगा। यह परिसर नोएडा में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

ये भी पढ़ें- Farmers ID Card बनेगा किसानों की पहचान, मिलेंगे भरपूर लाभ, बार-बार रजिस्ट्रेशन का झंझट खत्म, ऐसे करें अप्लाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button