Jhansi ED Raid : झांसी में समाजवादी पार्टी (SP) के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की. यह कार्रवाई करीब 16 घंटे तक चली. इस दौरान ईडी की टीम ने पूर्व विधायक, उनके परिवार, बेटे और करीबी रिश्तेदारों से पूछताछ की. सूत्रों के मुताबिक, टीम करीब 10 हजार दस्तावेज अपने साथ ले गई है, जिनकी जांच की जा रही है.
बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे ईडी की टीम झांसी के ओरछा रोड स्थित स्पेस मून सिटी में पूर्व विधायक दीप नारायण यादव के आवास पहुंची और छापेमारी शुरू की. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर या बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई. यह कार्रवाई रात करीब 10:30 बजे तक जारी रही.
10 हजार दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जांच के दायरे में
ईडी की टीम ने छापेमारी के दौरान पूर्व विधायक और उनके परिवार से जुड़े लोगों से पूछताछ की. इसके अलावा पैतृक गांव बुढ़ावली और लखनऊ समेत कई स्थानों पर भी दस्तावेजों की जांच की गई. सूत्रों के अनुसार, टीम करीब 10 हजार दस्तावेज अपने साथ ले गई है. इनमें संपत्तियों, संदिग्ध लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस शामिल हैं.
आय से अधिक संपत्ति और PMLA मामले में कार्रवाई
बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और PMLA से जुड़े मामले में की गई है. इस दौरान पूर्व विधायक के परिवार, सहयोगियों और कारोबार से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की गई. कार्रवाई पूरी होने के बाद दीप नारायण सिंह यादव ने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे और उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है और यह कार्रवाई साजिश के तहत कराई गई है. उन्होंने कहा कि ईडी ने जिन दस्तावेजों की मांग की थी, वे सभी उपलब्ध करा दिए गए हैं और आगे भी जांच में पूरा सहयोग करेंगे.
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
सपा के पूर्व विधायक पर हुई ईडी की कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा कि छापेमारी कर्नाटक और महाराष्ट्र में होनी चाहिए, लेकिन कार्रवाई उत्तर प्रदेश में की जा रही है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जहां “सीसी (चढ़ावा चोरी) का माल” है, वहां कार्रवाई नहीं की जा रही और केवल औपचारिकता निभाई जा रही है.
ये भी पढ़ें– न छाता, न रेनकोट… मां ने लगाया ऐसा दिमाग कि वीडियो देखकर लोग रह गए हैरान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









